सत्य सनातन संस्कृति मंच ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर किया महिला विभूतियों का सम्मान
झाँसी : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर झाँसी के सुप्रसिद्ध धर्मार्थ न्यास सत्य सनातन संस्कृति मंच ने महिला विभूतियों को सम्मानित करने की अपनी नई पहल शुरू की। इस वर्ष झाँसी निवासी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में हिन्दी की सहायक आचार्या डॉ० सुनीता वर्मा को विशिष्ट अकादमिक और साहित्यिक सेवाओं हेतु साहित्य भूषण सम्मान एवं वरिष्ठ कवयित्री रमा शुक्ला 'सखी' को विशिष्ट साहित्यिक सेवाओं हेतु साहित्य भूषण सम्मान से मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यामशरण नायक 'सत्य' और राष्ट्रीय महासचिव डॉ० रामशंकर भारती ने उनके आवास पर जाकर सम्मानित किया। श्यामशरण नायक 'सत्य' ने कहा, डॉ० सुनीता वर्मा और रमा शुक्ला जैसी आधुनिक नारियाँ सनातनी मूल्यों के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभा रही हैं, इनकी संतानें श्रवण सपूत हैं, संस्कारी हैं, सत्संगी हैं। डॉ० रामशंकर भारती ने कहा, वैदिक काल से ही भारतीय ज्ञान परंपरा में नारियों की अहम भूमिका रही है। मैत्रेयी, अपाला, लोपामुद्रा जैसी विदुषियों का सनातनी साहित्य में अप्रतिम योगदान है। डॉ० सुनीता वर्मा और रमा शुक्ला वर्तमान युग की मैत्रेयी, अपाला हैं, वे बुंदेलखंडी ज्ञान परंपरा में उल्लेखनीय भूमिका निभा रही हैं। मंच के प्रांतीय मीडिया प्रभारी किसान गिरजाशंकर कुशवाहा 'कुशराज' ने कार्यक्रम का संचालन किया।
No comments:
Post a Comment